
असम सिविल सेवा (ACS) की अधिकारी नूपुर बोरा को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में हिरासत में लिया गया है। स्पेशल विजिलेंस टीम ने उनके गुवाहाटी स्थित घर पर छापा मारा, जहाँ से 92 लाख रुपये नकद और लगभग 2 करोड़ रुपये के गहने बरामद किए गए।एक अन्य टीम ने बारपेटा में उनके किराए के घर पर भी छापा मारा, जहाँ से करीब 10 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा, विजिलेंस ने नूपुर के सहयोगी लाट मंडल सुरजीत डेका के घर पर भी छापा मारा।नूपुर पर आरोप है कि उन्होंने बारपेटा रेवेन्यू सर्किल में रहते हुए रिश्वत लेकर हिंदुओं की जमीन को संदिग्ध व्यक्तियों के नाम पर कर दिया था। वर्तमान में, वह कामरूप के गोरोइमारी में सर्किल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि विवादित जमीन के मामलों में नाम सामने आने के बाद पिछले 6 महीनों से उन पर नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद उनके खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई की गई है।

नूपुर बोरा, जो 2019 में असम सिविल सेवा (ACS) में शामिल हुईं, अब आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच के दायरे में हैं। 31 मार्च 1989 को जन्मी बोरा, कामरूप जिले के गोलाघाट की रहने वाली हैं। उन्होंने गुवाहाटी विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री हासिल की और कॉटन कॉलेज में भी पढ़ाई की।बोरा ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत मार्च से जून 2023 तक कार्बी आंगलोंग में सहायक आयुक्त के रूप में की थी। इस समय वे कामरूप जिले के गोरोइमारी में सर्कल ऑफिसर के पद पर तैनात थीं।