collapse
...

डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस

कानून व्यवस्था, पुलिसिंग सुधार और नवाचारों पर होगा मंथन, भविष्य की रणनीति होगी तय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार को राज्य पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में आयोजित डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। “डिसेमिनेशन ऑफ आउटकम्स” विषय पर हो रही इस राज्य स्तरीय बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था, पुलिसिंग में हो रहे बदलाव, नवाचारों और आने वाले समय की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करेंगे और जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर सरकार का दृष्टिकोण साझा करेंगे। बैठक का उद्देश्य पुलिस प्रशासन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और फील्ड से मिले अनुभवों के आधार पर सुधारात्मक कदम तय करना है।

पुलिस नवाचारों पर प्रेजेंटेशन, फील्ड लेवल अनुभव साझा

बैठक के दौरान पुलिस विभाग द्वारा किए गए शोध, तकनीकी नवाचार और सफल प्रयोगों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें अपराध नियंत्रण, सोशल पुलिसिंग, साइबर अपराध से निपटने, महिला व बच्चों की सुरक्षा, और आम नागरिकों से बेहतर संवाद के लिए अपनाए गए उपायों पर विशेष फोकस रहेगा।

इसके साथ ही भविष्य में लागू की जाने वाली योजनाओं और सुधारों पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जन-अनुकूल बनाया जा सके।

sadhvi-pragya-calls-clean-chit-a.jpg

कानून व्यवस्था पर सरकार की प्राथमिकताएं बताएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत कराएंगे। वे स्पष्ट करेंगे कि शांति, सुरक्षा और भरोसे पर आधारित पुलिसिंग सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री बालाघाट, डिंडोरी और मंडला जैसे जिलों में नक्सलवाद के खात्मे के बाद आए सामाजिक और आर्थिक बदलावों की समीक्षा भी करेंगे। इन क्षेत्रों में सामान्य जीवन की बहाली, विकास कार्यों की गति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

थानों में संवेदनशील व्यवहार और फील्ड विजिट पर जोर

राज्य सरकार पहले ही अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने और थानों में आने वाले नागरिकों की शिकायतों को संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण से सुनने के निर्देश दे चुकी है। डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर भी विशेष रूप से चर्चा करेंगे और पुलिसिंग को जनता-केंद्रित बनाने पर जोर देंगे।

सभी वरिष्ठ अधिकारी होंगे मौजूद

इस उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा सहित राज्य के सभी डीजी, एडीजी और आईजी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक से पुलिस प्रशासन को नई दिशा और स्पष्ट रोडमैप मिलने की उम्मीद है।


Share: