थाईलैंड की युवती नैन और महू के जयंत की प्रेम कहानी ने ली शादी का रूप, 10 साल के रिश्ते के बाद बंधे सात फेरों में
थाईलैंड की रहने वाली नारूएपक उर्फ नैन और महू के जयंत सोनी की प्रेम कहानी ने शुक्रवार को शादी के रूप में खूबसूरत मंज़िल पा ली। हजारों किलोमीटर दूर से भारत पहुंचीं नैन ने महू में जयंत के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह रचाया। बैंड-बाजे की धुनों पर जहां बाराती झूमते नजर आए, वहीं विदेशी दुल्हन नैन भी भारतीय संगीत पर खुशी से थिरकती दिखाई दीं।

थाईलैंड में हुई मुलाकात, फिर प्यार में बदली दोस्ती
जयंत सोनी लंबे समय से थाईलैंड में कारोबार कर रहे हैं। वहीं एक कंपनी में काम करते समय उनकी मुलाकात नैन से हुई। कामकाजी दोस्ती कब गहरे रिश्ते में बदल गई, इसका एहसास दोनों को धीरे-धीरे हुआ। बाद में जयंत ने अपना बिजनेस शुरू किया, जिसमें नैन भी उनकी कंपनी से जुड़ गईं।
इसी दौरान जयंत एक बार नैन को भारत लेकर आए, जहां उन्होंने अपनी बहन की शादी में नैन को परिवार से मिलवाया। सादगी और व्यवहार से नैन ने पूरे परिवार का दिल जीत लिया।
10 साल के रिश्ते के बाद परिवारों की सहमति से शादी
लगभग दस साल तक चले रिश्ते और आपसी समझदारी के बाद दोनों ने जीवनभर साथ रहने का फैसला किया। दोनों परिवारों की सहमति से कुंडली मिलवाई गई और शुक्रवार को महू में विवाह सम्पन्न हुआ। इस खास मौके पर नैन का परिवार भी थाईलैंड से भारत पहुंचा और शादी में शामिल हुआ।

भारतीय परंपराओं में सजी विदेशी दुल्हन
शादी के दौरान नैन भारतीय वेशभूषा में बेहद आकर्षक नजर आईं। हाथों में मेहंदी, मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र पहनकर उन्होंने पूरी शिद्दत से सभी रस्मों को निभाया। नैन ने बताया कि भारतीय शादी उनके लिए एक बिल्कुल नया और भावनात्मक अनुभव रहा।
नैन की मां चुटिमा ने भी बेटी की भारतीय रीति-रिवाजों से शादी को लेकर खुशी जताई और इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया।
अब बैंकाक में बसाएंगे नई जिंदगी
नैन ने बताया कि शुरुआत में उन्हें जयंत बेहद सख्त स्वभाव के लगे थे, लेकिन समय के साथ उन्हें उनके शांत और संवेदनशील व्यक्तित्व का पता चला। धीरे-धीरे दोनों का रिश्ता मजबूत होता गया। अब जयंत बैंकाक में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े बिजनेस में हैं और नैन भी वहीं उनके साथ नई जिंदगी की शुरुआत करेंगी।
भारत और थाईलैंड की दो संस्कृतियों को जोड़ने वाली यह शादी शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।