
बॉलीवुड में अक्सर देखा जाता है कि कई चाइल्ड आर्टिस्ट्स अपने बचपन की सफलता को बड़े होकर दोहरा नहीं पाते। वहीं, कुछ सुपरस्टार परिवारों के बच्चे भी उम्मीद के मुताबिक चमक नहीं दिखा पाते। इसके उलट, कई बार ऐसे कलाकारों के बच्चे जो खुद कभी ज्यादा सफल नहीं रहे, इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना लेते हैं। लेकिन कुल मिलाकर, चाइल्ड आर्टिस्ट्स की कई कहानियां अधूरी ही रह जाती हैं। ओमकार कपूर भी उन्हीं में से एक हैं, जिनका बचपन फिल्मी दुनिया की रौनक और बड़े सितारों के बीच गुजरा, लेकिन बड़े होने पर उन्हें वो मुकाम हासिल नहीं हुआ जिसकी शुरुआत में उम्मीद थी। आइए जानते हैं कि आज वो कहां हैं और क्या कर रहे हैं।
ओमकार कपूर कौन हैं?
ओमकार कपूर ने 1990 के दशक में एक बाल कलाकार के रूप में फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। मात्र 6 साल की उम्र में उन्होंने 13 फिल्मों में काम किया था। उनकी शुरुआत फिल्म 'मासूम' (1996) से हुई थी। इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें शाहरुख खान की 'चाहत', सलमान खान की 'जुड़वा', गोविंदा की 'हीरो नंबर 1', अनिल कपूर की 'जुदाई', आमिर खान की 'मेला' और अक्षय कुमार की 'इंटरनेशनल खिलाड़ी' जैसी फिल्मों का नाम शामिल है। फिल्म 'चाहत' में उन्होंने शाहरुख खान के बेटे विक्की का किरदार निभाया, जबकि 'जुड़वा' में वे सलमान खान के बचपन के रोल में नजर आए। अपनी मासूमियत और अभिनय कौशल के लिए उन्हें उस समय काफी सराहना मिली थी।

हीरो के रूप में जादू नहीं चला
चाइल्ड स्टार के रूप में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने के बाद भी ओमकार कपूर लीड रोल में उतनी सफलता नहीं पा सके जितनी उम्मीद थी। उन्होंने 2015 में लव रंजन की फिल्म 'प्यार का पंचनामा 2' से मुख्य अभिनेता के रूप में डेब्यू किया, जिसमें वे कार्तिक आर्यन के दोस्त की भूमिका में थे। यह फिल्म दर्शकों और आलोचकों दोनों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन ओमकार को उससे वह खास पहचान नहीं मिल सकी जिसका वे इंतजार कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने 'यू मी और घर', 'झूठा कहीं का', 'लवस्ते' और 'बटन' जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कम सफल रहीं।
डिजिटल और टीवी पर भी कोशिशें
ओमकार कपूर ने वेब सीरीज की दुनिया में भी अपनी किस्मत आजमाई है। वे कई लोकप्रिय वेब सीरीज जैसे 'कौशिकी', 'भूतपूर्व', 'भ्रम', 'फॉरबिडन लव', 'बिसात' और 'शादी के बाद' में नजर आ चुके हैं। टीवी पर उनका सफर 1993 में शुरू हुआ था जब उन्होंने शो 'फिल्मी चक्कर' में 'चिंटू' का किरदार निभाया था। हाल ही में, 2024 में वे टीवी शो 'आंगन-अपनों का' में 'सिद्धार्थ' की भूमिका में दिखे।
अब 38 वर्ष के हो चुके ओमकार कपूर अभी भी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और जल्द ही फिल्म 'प्रोजेक्ट लव' में नजर आने वाले हैं। फिलहाल उन्होंने शादी नहीं की है और अपना पूरा ध्यान अपने अभिनय करियर पर केंद्रित रखा है।